भदोही। नगर के श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को जिला स्तरीय तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। अंतिम दिन स्काउट-गाइड को गांठ बांधने से लेकर ध्वज शिष्टाचार, अनुमान लगाना, फांस बंधन, टेंट, पुलिया और झोपड़ी आदि बनाने की विधि बताने के साथ अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को तृतीय सोपान का प्रमाण पत्र भी दिए गए। पर्यवेक्षक और जिला संगठन आयुक्त शेषधर दूबे ने प्रतिभागियों को स्काउड-गाइड के इतिहास के बारे में बताया। स्काउट गाइड यदि अपने कार्य के प्रति गंभीर हो तो वह अपने और दूसरों के जीवन में भी आने वाली कठिनाइयों को दूर कर सकता है। कहा ऐसे अवसर सभी के जीवन में आते हैं जब वह स्वयं को अकेला महसूस करता है। लेकिन, कठिनाई के समय धैर्य से काम लेना ही प्रमुख अस्त्र है। भाग लेने वाले कुल 132 स्काउट और 32 गाइडों को वैकल्पिक पुलिया बनाना, विभिन्न प्रकार के गांठ बांधने से लेकर ध्वज शिष्टाचार की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को आत्मसात करने से भविष्य में इसका लाभ मिलेगा। कहा मेधावियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। संयोजक प्रधानाचार्य डा.अनुराग मिश्र, प्रशिक्षक चंद्रेश राय, राधा त्रिपाठी, सागर राय ने भी संबोधित किया।