लालानगर। गोपीगंज थानाक्षेत्र के होलपुर दलित बस्ती में शुक्रवार को एक महिला ठग हजारों का आभूषण लेकर चंपत हो गई। ठगी की शिकार महिलाओं ने कोतवाली में तहरीर देकर जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार होलापुर बस्ती मेें बीते कुछ दिनों से एक महिला पुराना बर्तन लेकर नया बर्तन देने का काम करती है। शुक्रवार को मीना देवी, रेखा देवी, भगवानी देवी, उर्मिला देवी को खेत में धान की रोपाई कर रहीं थी। महिला ठग उनके पास पहुंचकर महिलाओं को गहने दुगुने करने का झांसा देने लगी। उसके झांसे में आकर मीना ने घर में रखा सोने का फूल और चांदी की सिकड़ी व अन्य महिलाओं ने अपना पायल बिछिया समेत अन्य आभूषण दे दिया। उसने दो घंटे में आभूषण को दुगुना करके लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई। काफी देर इंतजार के बाद जब वह नहीं आई तो महिलाओं को ठगी होने का आभास हुआ। पीडित महिलाओं ने गोपीगंज कोतवाली में जाकर उक्त मामले की शिकायत कर जांच करने की मांग की है। महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।