कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां में शुक्रवार को पौध किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें आधुनिक खेती पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि निदेशक भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के डॉ. बी सिंह ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने किसानों के अनुभव एवं कृषि में योगदान के साथ ही पुराने विलक्षण पौध किस्म को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. जगदीश सिंह प्रधान ने किसानों को उनके अधिकारों से अवगत कराया। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. त्रिभुवन चौबे ने पौधों किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण पर प्रकाश डाला। केंद्र के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि आधुनिक खेती से ही किसान अपनी माली हालत को बेहतर कर सकते हैं। विशेषज्ञ कृषि प्रसार डॉ. आरपी चौधरी, डॉ. गोविंद चौधरी, एके चतुर्वेदी ने कई अहम जानकारी से किसानों को अवगत कराया। इस मौके पर उपस्थित तकरीबन पौने दो सौ किसानों को कृषि बीज किट वितरित की गई। इसमें आठ-10 प्रकार के बीजों के सैंपल थे। रामेश्वर तिवारी, अवधेश सिंह, अंकित पांडेय, पिंटू पांडेय, उषा मौर्या, इश्तियाक अंसारी, खुरधन राम ,घनश्याम दूबे आदि रहे।