ज्ञानपुर। जिले के सातों नगर निकायों में छह को नए-नए अध्यक्ष जरूर मिल गए लेकिन शैक्षिक योग्यता में ज्यादातर फिसड्डी हैं। गोपीगंज को छोड़ दिया जाए तो पांच ने हाईस्कूल और इंटर तक की पढ़ाई की है जबकि नई बाजार के अध्यक्ष तो पढ़ाई ही नहीं की। जिले की दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज जबकि पांच नगर पंचायतों ज्ञानपुर, खमरिया, नई बाजार, सुरियावां, घोसिया के लिए 26 नवंबर को मतदान हुआ था। एक दिसंबर को मतगणना के बाद गोपीगंज के पूर्व चेयरमैन ने ही जीत की जबकि छह निकायों को नए-नए अध्यक्ष मिल गए। पैसे के लिहाज से भले ही ज्यादातर लोग संपन्न हैं लेकिन शैक्षिक योग्यता में प्रह्लाद दास गुप्ता को छोड़कर सभी मैट्रिक और इंटर तक की ही पढ़ाई की है। भदोही के चेयरमैन अशोक जायसवाल इंटरमीडिएट तो घोसिया की रजिया परवीन सिर्फ हाईस्कूल तक ही पढ़ी हैं। ज्ञानपुर चेयरमैन हीरालाल इंटरमीडिएट, खमरिया के नंद कुमार मौर्य, सुरियावां के गोरेलाल हाईस्कूल तक ही पढ़े हैं। नई बाजार के चेयरमैन विजय सोनकर ने तो शुरूआती शिक्षा भी ग्रहण नहीं किया है। सातों निकायों में सिर्फ गोपीगंज के चेयरमैन स्नातक तक की पढ़ाई की है।