ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और एसपी राजेश एस ने लालानगर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां निगरानी के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार शुक्ला अनुपस्थित मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया। अधिकारी द्वय शाम को करीब सात बजे पहुंचे। वहां पर सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक डॉ. संतोष शुक्ला की ड्यूटी थी लेकिन वह नहीं मिले। डीएम ने सभी निगरानी टीम के प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दिया कि निरीक्षण में गैरहाजिर मिलेंगे तो कार्रवाई होगी। मौके पर एडीएम राम सिंह वर्मा, एएसपी डॉ. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।