ज्ञानपुर। मध्यान भोजन योजना की गठित जिला स्तरीय एमडीएम टास्क फोर्स की बैठक शनिवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें एमडीएम के बेहतर संचालन पर जोर दिया गया। डीएम ने जिलास्तरीय और ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स अधिकारियों से नवंबर और दिसंबर का निरीक्षणए आख्या मांगी। जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, डिप्टी सीएमओ ज्ञानपुर, डीघ, सुरियावां, अभोली और औराई आख्या नहीं उपलब्ध करा सके। जिसको लेकर नाराज डीएम ने सभी अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और दो दिन के अंदर आख्या बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए कहा। डीएम ने कहा कि किसी भी ब्लॉक में मीनू और गुणवत्ता की शिकायत मिलेगी तो बीईओ जिम्मेदार होंगे। मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, एडीएम राम सिंह वर्मा, बीएसए अमित कुमार सिंह, एसडीएम यमुनाधर चौहान, कविता मीणा, रजनीश श्रीवास्तव, केडी पांडेय, जंगीलाल मौर्य आदि रहे।