ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोधना के प्रधानाध्यापक वीरेद्र दुबे के खिलाफ शिक्षक, एसएमसी अध्यक्ष और प्रधान ने मोर्चा खोल दिया है। उसके कार्यों से क्षुब्ध होकर एसएमसी अध्यक्ष चिंतामणि सरोज ने त्यागपत्र दे दिया। मामले को संज्ञान में लेते हुए ग्राम प्रधान सावित्री देवी ने हेडमास्टर को हटाने के लिए डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र में कहा कि प्रधानाध्यापक के कार्यों से स्कूल का माहौल जहां खराब हो रहा है वहीं अन्य लोगों को कार्य करने में भी दिक्कत हो रही है। पूर्व में कई बार खंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे विद्यालय का जहां पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है वहीं अभिभावक बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंतित है। प्रधानाध्यापक ने कई बार लोगों को फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी भी दी। डीएम से प्रधानाध्यापक को हटाकर प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर को प्रभार देने की मांग की। बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है, उसे दिखवाया जा रहा है। हेडमास्टर वीरेद्र दूबे ने आरोपों को निराधार बताया।