भदोही। नगर के बाजार सलाबत खां मोहल्ले में खाली पड़ी जमीन पर कूड़े में आए दिन आग लगाने से आसपास के मोहल्लों के लोगों का जीना दूभर हो गया है। कूड़े में आग लगाने से क्षेत्र में लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो जाती है। जमुंद के लोगों ने नगर पालिका से इस पर रोक लगाने और दोषी लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। जमुंद मोहल्ले के नागरिकों ने बताया कि मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे जब अंधेरा हो चला था, तभी लोगों ने देखा कि खाली भूमि पर पड़े कूड़े के अंबार से धुआं निकल रहा है। देखते देखते कूड़ा धू धू कर जलने लगा। कुछ ही देर में आस पास माहौल धुंधला हो गया। इसका असर नूररखांपुर, बाजार सलाबत खां, जमुंद, कसाई टोला, अंबरनीम आदि मोहल्ले तक पड़ता है। लोगों के घरों में धुआं घुसने से आलम यह हो गया कि सांस लेने में दिक्कत होने लगी। लोगों ने बताया कि पूर्व में भी कूड़े में आग लगाया जाता रहा है नगर पालिका रोक लगाने में असफल रही है। जबकि इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के सख्त आदेश हैं कि कूड़े में आग लगाने पर सख्ती की जाए। कुछ लोगों ने बताया कि पालिका के सफाई कर्मचारी ही वहां कूड़ा डंप करते हैं। और लोगों की नजरों से बच बचाकर उसमें आग लगा दी जाती है। लोगों ने इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की है।