औराई। तीन साल पहले अपना घर-परिवार छोड़कर प्रेमी के साथ भागी एक महिला बच्चों की जिद के आगे झुक गई और नाटकीय ढंग से उसकी घर वापसी हो गई। प्रेमी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। औराई क्षेत्र के एक गांव की महिला तीन वर्ष पूर्व अपने तीन बच्चों को छोड़कर गांव के ही प्रेमी के साथ भाग गई थी। पत्नी के जाने के बाद युवक अपने तीनों बच्चों के पालन-पोषण और पढ़ाई की जिम्मेदारी उठा रहा था। मामले में नया मोड़ 15 अक्टूबर को आया। भोजन के अवकाश की छुट्टी के दौरान महिला का प्रेमी अपने दो सहयोगियों के साथ स्कूल पर पहुंचा और उसके बेटे प्रद्युम्न को बाइक पर बैठाकर ले गया। यह वाकया देखकर उसके दो अन्य बच्चों ने पिता को सारी बात बताई। उसके पिता ने थाने में तीनों के खिलाफ अपने बेटे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन प्रेमी अब भी गिरफ्त से बाहर है। मंगलवार को दोपहर में महिला अपने बच्चे का लेकर स्वयं कोतवाली पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि जब से प्रेमी उसके को लेकर आया तब से वह खाना नहीं खा रहा था। अपने बेटे की जिद के आगे उसे घर लौटना पड़ा। महिला के गांव आने के बाद क्षेत्र में काफी चर्चाएं हो रही हैं।