ज्ञानपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पखवारे भर पहले हुए आंदोलन में शामिल होने वाले जिले के 700 शिक्षकों पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। बीएसए ने सभी शिक्षकों का दो-दो दिन का वेतन रोक दिया है। इससे शिक्षकों में खलबली मच गई है। इस कार्रवाई पर शिक्षकों ने नाराजगी भी जताई। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने पिछले दिनों आंदोलन चलाया था। शिक्षकों और कर्मचारियों ने दो दिन तक कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया था। इससे शुरुआती दौर की बोर्ड परीक्षा पर भी असर पड़ा था। आंदोलन को लेकर शासन ने सख्त रुख अख्तियार किया। आंदोलन करने वाले कर्मचारियों और शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया था। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से आंदोलन में शामिल होने वाले शिक्षकों का ब्योरा मांगा गया। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने करीब 700 शिक्षकों का दो दिन का वेतन रोक दिया है। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों पर कार्रवाई के बाद खलबली मच गई। होली के त्योहार से पहले हुई कार्रवाई से शिक्षक सकते में हैं। बीएसए अमित कुमार सिंह ने कहा कि उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देश के क्रम में कार्रवाई की गई।