भदोही (ब्यूरो)। नगर के इंदिरा मिल रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए पूर्व विधायक जाहिद बेग ने शुक्रवार को लखनऊ में उप्र राज्य सेतु निगम और रेलवे अधिकारियों से मुलाकात की। मुलाकात में उन्होंने फ्लाईओवर शुरू नहीं कराए जाने से पैदा हो रही समस्याओं से अवगत कराते हुए 15 दिन के अंदर लोकार्पण नहीं होने पर रेलवे पटरी और सड़क जाम करने की चेतावनी दी है। पूर्व विधायक अलग अलग डीआरएम उत्तर रेलवे, सतीश कुमार और उप्र राज्य सेतु निगम के प्रबंध निदेशक, राजन मित्तल से मिले दोनो लोगों को ज्ञापन सौंपा और बताया कि सपा के शासनकाल फरवरी 2017 में ही फ्लाईओवर का लोकार्पण हो जाना था। थोड़ा काम बाकी रह जाने से ऐसा नहीं हो सका। लेकिन उसके बाद भाजपा सरकार के सत्ता संभालते ही फ्लाईओवर निर्माण पर ग्रहण लग गया। आज स्थिति यह है कि थोड़ा काम बाकी होने से आम जनता, व्यापारियों, कालीन निर्यातकों को भारी असुविधा हो रही है। बताया कई वर्ष से इंदिरा मिल रेलवे फाटक मार्ग पर आवागमन ठप है। इससे रेवड़ापरसपुर मार्ग पर दबाव बढ़ गया है। यह मार्ग ट्रकों के लायक नहीं है लेकिन मजबूरी में इस पर ट्रकें चल रही हैं। इसी के चलते इंदिरा मिल चौराहे और रेवड़ाफाटक मार्ग पर चार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें जान माल का नुकसान हुआ है। कहा कि यदि 15 दिवस के अंदर काम पूर्ण कराकर लोकार्पण नहीं किया गया तो इस बार सपा, सीपीआए, सीपीआईएम व अन्य पार्टियां मिल कर रेल और सड़क मार्ग चक्का जाम करेंगे।