मेले में रोजगार के लिए 204 युवक चयनित
ज्ञानपुर (भदोही)।
जिला सेवायोजन विभाग से पुरानी कलेक्ट्री परिसर में शनिवार को आयोजित रोजगार मेले साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के बाद 204 युवकों का रोजगार के लिए चयन किया गया। इसमें श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटेड पथरेडी राजस्थान के भर्ती अधिकारी बीपी पाठक ने 137 अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षा लिया। इसमें 109 उत्तीर्ण हुए, उनका 28 अगस्त को राजकीय आईटीआई सिद्दीकपुर जौनपुर में साक्षात्कार की औपचारिकता पूरी की जाएगी। वहीं शिवशक्ति बायोटेक्नोलॉजी कंपनी वाराणसी के भर्ती अधिकारी अश्वनी कुमार ने 30, पोंटी चड्ढा कंपनी के भर्ती अधिकारी भूपेश कुमार ने 34 अभ्यर्थियों, भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी विशाल कुमार ने 31 अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेले में कुल 963 युवकों ने शिरकत किया। जिला सेवायोजन अधिकारी एके प्रजापति ने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए 751 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इस मौके पर सत्यदेव, लायक हुसैन, लव कुमार, अनिल कुमार आदि रहे।