भदोही। कोतवाली अंतर्गत मूंसी बृजराजपुर में शनिवार को दोपहर इनवर्टर की सफाई करते बीटेक के छात्र की मौत हो गई। 24 वर्षीय सूरज राय की मौत की खबर गांव में फैलते ही कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होने पर मृतक का छोटा भाई बेहोश हो गया, जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव के स्व: शीतला प्रसाद राय का बेटा सूरज इंदौर स्थित एक इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इन दिनों वह घर आया था। गांव के लोगों ने बताया कि इनवर्टर की सफाई करने से घरवालों ने उसे मना किया और यह भी कहा कि साफ हो जाएगा लेकिन वह नहीं माना और खुद से सफाई करने लगा। इसी बीच अचानक इनवर्टर बैटरी के तार छू जाने से उसे जोर का झटका लगा और जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोग उसे आनन फानन में निजी अस्पताल लेकर भागे लेकिन बचाया नहीं जा सका। इंजीनियरिंग कर रहे गांव के छात्र की मौत की खबर सुनकर उसके घर पूरा गांव जुट गया। लोगों में कोहराम मच गया। परिजन रोने बिलखने लगे। देर रात तक गांव वाले शोक में डूबे रहे।