जंगीगंज। नगर के दयानंद दौरियाही स्थित आर्य विद्या मंदिर के 54वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर चार दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के तहत नगर में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सामाजिक कुरीतियों और अंध विश्वास के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। रैली में शामिल स्कूल के बच्चों ने कुरीतियों और अंधविश्वास से लोगों को दूर रहने की अपील की। स्कूल के संरक्षक रामफेरन शास्त्री ने कहा कि समाज में फैली बुराइयों को मिटाने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई है। कहा समाज से अज्ञानता के अंधकार को भगाने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। प्रधान कन्हैयालाल आर्य ने कहा कि समाज में तंबाकू, शराब सेवन, महिला उत्पीड़न, भ्रूण हत्या और दहेज प्रथा एक विकट समस्या है, जिसे दूर करने के लिए हम सभी को जागरूक होने की जरूरत है। इस मौके पर रामराज मौर्य, प्रेमलाल शास्त्री, विजयनाथ आर्य, बाल गोविंद शास्त्री, यज्ञ नारायण, लालमणि, अरविंद कुमार, रोहित आदि मौजूद रहे।