ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात कर माध्यमिक शिक्षा निदेशक के आदेशों का शीघ्र क्रियान्वयन कराने की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष हंसराज तिवारी ने कहा कि निदेशक ने सभी वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से शिक्षकों का विवरण शीघ्र वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। लेकिन, अब तक 23 विद्यालयों ने विवरण अपलोड नहीं किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मूल्यांकन कार्य का भुगतान 30 दिसंबर तक करने का निदेशक ने आदेश दिया है। निदेशक के आदेशों का शीघ्र पालन होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में सभाजीत तिवारी, संतोष शुक्ल, बसंतलाल, सभाजीत यादव, हिमांशु उपाध्याय, सावित्री देवी, रीता उपाध्याय आदि शामिल रहे।