ज्ञानपुर। बाल कल्याण समिति की सख्ती के बाद आखिरकार श्रम विभाग की नींद खुली। बृहस्पतिवार को पुलिस बल, चाइल्ड लाइन टीम पुलिस बल के साथ भदोही नगर के दो कालीन बुनाई सेंटरों पर छापेमारी की। दोनों स्थानों पर 10 बाल श्रमिक बरामद हुए। सीडब्लयूसी ने सभी बच्चों को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। बाल श्रम रोकने के लिए सरकार गंभीर है, लेकिन कालीन नगरी में मासूमों से काम लिया जा रहा है। संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण संचालक मनमानी ढंग से बच्चों से काम कराकर उनके अधिकार का हनन करते हैं। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पीसी उपाध्याय ने पिछले दिनों जिलाधिकारी के समक्ष मामले को रखा था। इसके बाद डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को श्रम प्रतर्वन अधिकारी प्रतिमा मौर्य, मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने भदोही नगर के दो स्थानों पर छापेमारी कर 10 बच्चों को बरामद किया। उसके बाद सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने बच्चों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया। इस मौके पर इंद्रजीत त्रिपाठी, विनय पाठक, आनंद पाल, इंदू प्रकाश सिंह आदि रहे।