24 घंटे बाद डीएम को देनी है रिपोर्ट, खामियों को करना है उल्लेख
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बूथ से लेकर निर्वाचन एवं अफसरों के कार्यालय तक तैयारी से संबंधित एक-एक बिंदु पर नजर रखी जा रही है। डीएम खुद तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार से डीएम के निर्देश पर सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने बूथों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। 22 मार्च को बाद इसकी रिपोर्ट डीएम को सौंपनी है।
डीएम ने एक दिन पहले 16 जोनल एवं 126 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को बूथों के निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में चुनाव में नियुक्त सभी मजिस्ट्रेट बूथों का निरीक्षण शुरू कर दिए हैं। अभी इन अधिकारियों के पास निरीक्षण के लिए दो दिन का समय और है। इस अवधि में बूथों पर संसाधन और खामियों को इंगित करते हुए रिपोर्ट तैयार करनी है। ताकि मतदान से पहले व्यवस्था सुदृढ़ की जा सकें। जिले में 1482 मतदान केंद्र और 2151 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में 17 से 18 बूथ शामिल हैं। इन बूथों का मौका मुआयना कर सुविधा और संसाधन से संबंधित रिपोर्ट तैयार करनी है।
...
इन बिंदुओं पर होगी जांच
मतदान केंद्र और बूथ पर पहुंचने के लिए रास्ता, मतदान कार्मिकों के लिए बैठने की व्यवस्था, गोपनीय कक्ष, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, प्रकाश व्यवस्था, पंखा, बल्ब, शौचालय , टेंट आदि की व्यवस्था पर आधारित जांच करनी होगी। जहां इन बिंदुओं पर खामियां मिलेंगी, रिपोर्ट में उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाना है।