नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम फुटहिया निवासी युवक मुंबई से घर के लिए निकला, लेकिन वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। नगर क्षेत्र के ग्राम फुटहिया चौराहा निवासी अजय यादव ने बताया कि उनके बड़े भाई जसवंत यादव कुछ दिनों पहले रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए थे। वहां से शनिवार 28 मार्च को ट्रेन में सवार हुए थे। अजय यादव ने बताया कि यात्रा के दौरान उनके भाई से लगातार फोन पर बातचीत होती रही और उन्होंने झांसी पहुंचने की जानकारी भी दी थी। लेकिन 29 मार्च के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। दो दिनों से लगातार संपर्क करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और युवक की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं।