घाट के किनारे से ट्रॉली हटाने को लेकर शुरु हुआ था विवाद
- लौटते समय रास्ते में शोभनपार व नेवारी गांव के लोगों में चला था ईंट पत्थर
- शोभनपार गांव के चार घायलों की हालत नाजुक,जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
महादेवा/लालगंज (बस्ती)। लालगंज के मनोरमा कुआनो नदी के संगम घाट पर शनिवार देर रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्राॅली हटाने और पहले आरती कराने को लेकर शोभनपार व नेवारी गांव के लोगों से विवाद हो गया। हाथापाई होते देख मौजूद लोगों ने उस समय किसी तरह शांत करा दिया। वापस लौटते समय महादेवा-लालगंज मार्ग पर गौरा धुंधा गांव के पास पहले से पहुंचे नेवारी गांव के लोग ईंट-पत्थर चलाने लगे। जिसमें शोभनपार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से 26 वर्षीय रिंकू नाम के युवक की लखनऊ मेडिकल कालेज ले जाते समय मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार लालगंज थाना अंन्तर्गत लालगंज बाजार के पास स्थित मनोरमा कुआनो नदी के घाट पर शनिवार रात लगभग दस बजे ग्राम पंचायत शोभनपार के भटपुरवा पूरवा के लोग गांव में स्थापित प्रतिमा विसर्जन के लिए लालगंज घाट पर ले गए थे। जहां ट्राली खड़ी करके डीजे पर डांस करने लगे। तभी लालगंज थाना क्षेत्र के नेवारी ग्राम पंचायत के केवटहिया पूरवे के लोग अपने गांव में स्थापित प्रतिमा विसर्जन के लिए लेकर पहुंच गए। उन लोगों ने ट्राली हटाने को कहा तो शोभनपार के लोग ट्रॉली न हटाने पर अड़ गए। वह लोग कहने लगे कि आरती करने के बाद वहां से हटेंगे।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया। परंतु विसर्जन करके वापस लौटते समय लालगंज - महादेवा मार्ग पर गौरा धुंधा गांव के पास पहले से ही पहुंचे नेवारी ( केवटहिया ) के लोगों ने विसर्जन करके शोभनपार गांव के लोगों के ऊपर ईंट- पत्थर चलाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शोभापार ग्राम पंचायत के भटपुरवा निवासी 56 वर्षीय होरीलाल पुत्र राम फेर, 26 वर्षीय रिंकू पुत्र राम शब्द, 16 वर्षीय कुलदीप पुत्र मंगरु व एक अन्य को जिला अस्पताल ले गई। जिला अस्पताल में हालत नाजुक होने पर रिंकू को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग गोरखपुर ले गए लेकिन वहां डाक्टरों ने भर्ती करने से मना करते हुए लखनऊ मेडिकल कालेज भेज दिया। लखनऊ ले जाते समय छावनी थानाक्षेत्र के चौकड़ी टोल प्लाजा के पास रिंकू ने दम तोड़ दिया। रिंकू के पिता ने थाने में तहरीर दे दी है। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है।
-
शांतिभंग के पांच आरोपी भेजे गए जेल
- मारपीट के मामले में शांतिभंग की आशंका के तहत पुलिस ने अनिल, राम बहाल, महेश, रंजीत व राजेंद्र का चालान करके एसडीएम न्यायालय भेजा था। एसडीएम ने सभी को जमानत देने से इनकार करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।