भानपुर। शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे सिसवा बुजुर्ग निवासी 27 वर्षीय दिलीप चौधरी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे अनिल गौड़ को हल्की चोटें आई हैं। हादसा बुधवार देर रात की बताई जा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई अशोक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात 9:45 बजे के आसपास सिसवा बुजुर्ग गांव निवासी दिलीप चौधरी गांव के ही युवक अनिल गौड़ के साथ बाइक से जमोहना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उकड़ा-शंकरपुर मार्ग पर कुछ ही दूर आगे सामने से आ रहे किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे दिलीप चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क के किनारे गिर गए। जबकि बाइक पर पीछे बैठा अनिल गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया।
कुछ देर बाद होश आने पर अनिल ने दिलीप के परिवार वालों को हादसे की सूचना दी। आननफानन मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने दिलीप को जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। शव लेकर परिवार के लोग घर चले गए। सुबह पुलिस को हादसे की सूचना दी गई।
चाय की दुकान चलाता था दिलीप
भानपुर में रुधौली तिराहे के पास दिलीप चौधरी चाय की दुकान चलाकर जीवन यापन करता था। हंसमुख और सरल स्वभाव का होने के नाते वह सभी का चहेता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़े था। चार छोटे बच्चों अरुन, आलोक, हिरेंद्र और दिव्यांश के साथ पत्नी रीता का रो-रोकर बुरा हाल है।