हर्रैया। छावनी थाना क्षेत्र के भिखारी पुर गांव में शनिवार की देर रात एक युवक की नहर के पुल से गिरकर मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव निवासी 25 वर्षीय रंजीत छतौना गांव की शटरिंग टीम के साथ काम करता था। देर रात छतौना गांव के शटरिंग ठेकेदार से मिलकर गांव लौट रहा था। खबर है कि वह नहर के पुल के पास अवैध शराब के अड्डे से कच्ची शराब पीकर नहर के पुल पर कुछ साथियों के साथ बैठा हुआ था।इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा तो लड़खड़ा कर नहर में गिर गया। नहर सूखी होने के कारण उसको काफी चोटें आईं। जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। यह घटना देखने के बाद अन्य साथियों का नशा उड़ गया और मौके से सभी भाग निकले। जानकारी मिलने पर शटरिंग ठेकेदार और रंजीत के परिजन नहर पुल पर पहुंचे और निजी वाहन से लेकर उसे सीएचसी विक्रमजोत ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक रंजीत विवाहित था। उसके पीछे उसकी पत्नी व चार संतान भी हैं। जिसमें तीन पुत्री व एक पुत्र है। ग्राम प्रधान फूलचंद यादव ने बताया कि यहां बंधे और नहर के किनारे बिकने वाली कच्ची शराब युवकों को बर्बाद कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।