- बच्चों को नित्य क्रिया के लिए रेलवे ट्रैक पर ले गया था पिता
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पूरब गौर बाजार के पास डाउन रेलवे ट्रैक पर रविवार शाम करीब 7 बजे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। युवक की पहचान पैकोलिया क्षेत्र के पटना गांव निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पैकोलिया क्षेत्र के पटना गांव निवासी विनोद कुमार (30) बच्चों को लेकर दवा कराने के लिए गौर बाजार आए थे। साथ में गांव का साकेत अली (27) भी था। बच्चों को नित्य क्रिया कराने के लिए विनोद व साकेत रेलवे ट्रैक की ओर चले गए, तभी गोंडा की तरफ से गोरखपुर की ओर जाने वाली ट्रेन ट्रैक पर आ गई। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक विनोद ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर मौत हो गई, जबकि साकेत अली घायल हो गया।
वहीं दोनों बच्चे सही सलामत हैं। घटना की जानकारी होते ही रेलवे लाइन पर भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राम कुमार राजभर ने भीड़ को हटाकर शव को कब्जे में लिया और घायल को सीएचसी गौर में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना स्थल जीआरपी बस्ती का क्षेत्र है, उन्हें सूचना दे दी गई है।