लालगंज। कस्बे के पास से होकर गुजरने वाली कुआनो नदी के पुल से एक युवक ने बृहस्पतिवार की देर शाम गहरे पानी में छलांग लगा दी। पानी में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार व ग्रामीण पुल पर पहुंच गए। इसी बीच किसी ने लालगंज पुलिस को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से आधे घंटे के बाद युवक को बाहर निकलवाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी पहचान चौबाह गांव निवासी 28 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई।
चौबाह गांव निवासी संतोष परिवार के जीवकोपार्जन के लिए पल्लेदारी करता था। परिवार के अनुसार, पारिवारिक अनबन के कारण पत्नी मायावती दो वर्षीय बेटे अमित कुमार के साथ करीब एक सात से मायके कैतहा में रह रही है। थाना प्रभारी सुनील कुमार गौंड ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा जाएगा। संवाद