अमोढ़ा कस्बे में बिना डिग्री के इलाज करने वाले एक युवक ने मंगलवार देर शाम अपनी दुकान में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की ओर से एक सुसाइड नोट भी पुलिस को सौंपा गया है, जिसमें चकबंदी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
थाना क्षेत्र के कुंआगांव निवासी गणेश श्रीवास्तव (29) पुत्र पवन श्रीवास्तव अमोढ़ा कस्बे में निजी तौर पर मरीजों का उपचार करते थे। बताया जाता है कि मंगलवार शाम उन्होंने अपनी दुकान के भीतर जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर का असर होने पर उन्हें कई बार उल्टियां हुईं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि चकबंदी के दौरान उनकी जमीन कई हिस्सों में बांट दिए जाने से गणेश मानसिक रूप से परेशान थे। उनके द्वारा दिए गए सुसाइड नोट में भी चकबंदी विभाग को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।