दुबौलिया थाना क्षेत्र के कटरिया-चांदपुर तटबंध से पैर फिसलने से सरयू नदी में लापता हुए युवक का बृहस्पतिवार को 30 घंटे बाद शव मिला। घटनास्थल से करीब पांच किमी दूर टकटकवा गांव के पास नदी के किनारे उतराता हुआ शव ग्रामीणों ने देखा। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त की।
दुबौलिया कस्बा निवासी राजकुमार चाट की दुकान लगाते थे। बुधवार सुबह घर से साइकिल लेकर शौच के लिए गए थे। कटरिया-चांदपुर तटबंध पर बाढ़ चौकी के पास बने ठोकर पर पैर फिसलने के कारण वह सरयू नदी में गिर गए। धारा तेज होने के कारण वह फौरन लापता हो गए। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की गई, लेकिन राजकुमार का पता नहीं चल सका।
घटना के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को करीब 30 घंटे बाद दुबौलिया थाना क्षेत्र के टकटकवा गांव के पास नदी किनारे ग्रामीणों ने एक शव देखा। हालांकि नदी में लापता युवक की तलाश में आजमगढ़ से पीएसी 20वीं बटालियन के छह गोताखोर एसओ दुबौलिया विनोद कुमार के साथ सर्च ऑपरेशन नदी में चला रहे थे।