संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत
- परिजनों ने जहरखुरानी का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी 30 वर्षीय युवक की पड़ोस के गांव अमईपार में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक के परिवार वालों का कहना है कि उसके साथ जहरखुरानी हुई है।
जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी वेद प्रकाश पांडेय पुत्र स्व. यदुवंश पांडेय का इसी थानाक्षेत्र के अमईपार गांव में अयोध्या प्रसाद चौधरी के यहां बराबर आना-जाना था। मंगलवार को भी दोपहर बाइक लेकर उनके घर गये थे।
जहां अचानक तबियत खराब हो गई। मुंह से झाग आने लगा और उल्टी होने लगी। वेद प्रकाश ने वहां मौजूद लोगों से एंबुलेंस बुलाने को कहा लेकिन पहले लोग बात को टाल गए। बाद में किसी ने एंबुलेंस बुलाने की जगह पुलिस को 112 नंबर पर फोन कर दिया।
पुलिस के पहुंचने के बाद एंबुलेंस बुलाई गई और निकट के अस्पताल भेजा गया, जहां वेद प्रकाश की मौत हो गई। एसओ महेश सिंह ने बताया कि वेद प्रकाश पांडेय ने 112 नंबर की टीम के सामने हार्ट में परेशानी की बात बताई थी। जबकि परिवार के लोग जहरखुरानी बता रहे हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।