विश्व योग दिवस को लेकर भारत स्वाभिमान समिति ने योग सिखाया।
बस्ती। 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस की तैयारियां शुरू हो गई है। आर्य समाज गांधीनगर में आठ दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया है। इस दौरान लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी सुभाष चंद्र आर्य ने कहा कि योग के अभ्यास से व्यक्ति सामान्य से विशेष और मानव से महामानव बन सकता है। योग सभी के लिए जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति इसे अपनाए। योग साधक भानु बाबू ने कहा कि हमारा जीवन हमेशा चुनौतियों से भरा रहता है। ऐसे में योग हमें तनाव मुक्त करता है। योगाभ्यास करके अपने जीवन को सरल व सकारात्मक बनाए रखना चाहिए। उन्होंने वज्रासन, बालासन, पवनमुक्तासन, ताड़ासन सहित अनेक उपयोगी आसनों व मुद्राओं का अभ्यास कराया। बताया कि व्यायाम से शरीर की अतिरिक्त चर्बी गल जाती है। निरंतर अभ्यास से शरीर कांतियुक्त व निरोगी बनती है। शिविर को गरुण ध्वज पांडेय ने भी संबोधित किया।