मड़वानगर स्थित अम्बेडकर पार्क मे योगा करते लोग।
बस्ती। भारत स्वाभिमान समिति की ओर से मड़वानगर के आंबेडकर पार्क में योग विज्ञान शिविर लगाया गया। इसमें मड़वानगर के युवाओं को समिति की ओर से योगाभ्यास कराया गया। योग शिक्षक अजीत कुमार पांडेय ने युवाओं को बताया कि योग से निरोगी रहने काया प्राप्त की जा सकता है। यह जिम की तुलना में शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं होता है। योगाभ्यास से मन को शांति और ज्ञानेंद्रियों को काबू में किया जा सकता है।
बताया कि युवा मन बहुत चंचल होता है। जवानी के दिनों में इसे जो नियंत्रित कर लेता है वह जीवन में ऊंचा मुकाम प्राप्त करता है। बिना मेहनत के भविष्य को सुनहरा नहीं बनाया जा सकता है।देश की उन्नति का मूल मंत्र यज्ञ, योग व आयुर्वेद है। प्राचीन वेदों से निकली यह विद्या समूची सृष्टि के कल्याण के लिए है। शिविर में युवाओं को ताड़ासन, ध्रुवासन, भुजंगासन, यौगिक जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया गया। समिति जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि 28 अप्रैल तक आंबेडकर पार्क में मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कमर दर्द से बचाव के लिए योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी नागरिक हिस्सा ले सकते हैं। मौके पर शिव श्याम, विजय कुमार, विद्या मिश्रा, कामना पांडेय, रूचि सिंह, गरुणध्वज पांडेय, नेहा, सताक्षी आदि मौजूद रहीं।