कंपनी बाग मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ करतीं महिलाएं।
बस्ती। ज्येष्ठ मास के दूसरे मंगलवार को शहर के कई जगहों पर धार्मिक आयोजन हुए। भजन-कीर्तन की धूम मची रही। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की आरती कर उन्हें भोग लगाया। आयोजन समिति की ओर से आगंतुकों के माथे पर चंदन लगाया गया। अंत में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ, जो देर तक चला।
विकास भवन परिसर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। सबसे पहले सीडीओ राजेश कुमार प्रजापति ने श्री हनुमान जी की पूजा अर्चना की। पं. सरोज मिश्र की टीम ने श्रद्धालुओं से श्री हनुमान जी की आरती उतरवाई। इस दौरान देवी-देवताओं के जयकारे लगाए गए। बाद भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। यहां काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र नाथ तिवारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल, कर्मचारी नेता राम अधार पाल, भाजपा नेता जगदीश शुक्ल, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, ब्लाक प्रमुख अनिल दुबे, प्रमुख प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह, राजेश श्रीवास्तव, मुकेश सोनकर आदि मौजूद रहे। वहीं कंपनीबाग शिव मंदिर भजन ,कीर्तन के साथ प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की। महिलाओं ने सुंदर कांड का पाठ किया। आयोजन समिति के ओम प्रकाश अरोरा ने बताया यहां कई वर्षों से ज्येष्ठ मंगलवार पर भंडारे के साथ धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। अंतिम मंगलवार 30 मई को यह आयोजन और भव्य रूप से मनाया जाएगा। कानपुर के कलाकारों द्वारा देवी देवताओं की अद्भुत झांकी और भक्ति गीतों की प्रस्तुति होगी। इस मौके पर जय प्रकाश, हजारी लाल सोनी, पवन मलहोत्रा, हिमााशु, काजू विश्वकर्मा, विनोद सचदेवा आदि मौजूद रहे। इसी तरह मालवीय मार्ग, पुरानी बस्ती में भी ज्येष्ठ मास के दूसरे मंगलवार पर जगह-जगह भंडारे और भजन, कीर्तन का आयोजन किया गया था।