चेतावनी बिंदु 91.73 मीटर से 13 सेंटीमीटर नीचे बह रही नदी
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। पहले से उफना रही सरयू नदी में तीन बैराज से 1.30 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तटबंधों पर खतरा मंडराने लगा है। जलस्तर बढ़ने से गौरा-सैफाबाद तटबंध पर एक स्पर की नोज की तरफ पानी भर गया है। इससे स्पर का पुनर्निर्माण कार्य बंद हो गया है।
केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय के अनुसार, शनिवार शाम 4 बजे जलस्तर 91-60 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 91.73 से 13 सेंटीमीटर नीचे है। जबकि खतरे का निशान 92.73 मीटर है। शनिवार को भी गिरिजा बैराज से एक लाख, 15 हजार 127, शारदा बैराज से 10 हजार 485 और सरयू बैराज 4 हजार 312 क्यूसिक पानी छोड़ गया है। इस प्रकार, तीनों बैराजों से 1 लाख 29 हजार 924 क्यूसिक पानी शनिवार को छोड़ा गया है।
शनिवार की सुबह बारिश बंद होने के कारण किशुनपुर मोजपुर रिंग बांध का निर्माण कार्य होता मिला। कटरिया-चांदपुर तटबंध पर खजांचीपुर गांव से लेकर खलवा गांव के बाढ़ चौकी के सामने तक पानी का तेज दबाव बना हुआ है। इसी तटबंध के विशुनदासपुर अनुसूचित बस्ती के पास निर्माणाधीन दोनों ठोकरों पर बोल्डर पिचिंग काम अभी भी चल रहा है। सहायक अभियंता हरिश्चंद्र ने बताया की जलस्तर स्थिर है, तटबंध पूरी तरह से सुरक्षित है।