बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर कोच गाइडेंस के लिए शुरू हुआ कार्य।
सवारी गाड़ियों के डिब्बों की सही स्थिति की मिलेगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। आदर्श रेलवे स्टेशन बभनान के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर यात्री कोच गाइडेंस लगाने का कार्य बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया गया है। जल्द ही प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले दिखने लगेंगे। इसके लिए प्लेटफॉर्म की खोदाई का कार्य किया जा रहा है।
बस्ती व गोंडा के सीमा पर स्थित यह रेलवे स्टेशन व्यावसायिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। स्टेशन पर 15 से अधिक एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव होता है। अब तक कोच गाइडेंस डिस्प्ले न होने से यात्रियों को डिब्बों की स्थिति के बारे में सही जानकारी नहीं मिल पाती थी।
प्लेटफाॅर्म पर ट्रेन के रुकते ही अफरातफरी मच जाती थी। दौड़ कर डिब्बे तक पहुंचने में कई बार यात्री गिरकर चोटिल हो जाते थे। यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोच गाइडेंस डिस्प्ले लगाने का निर्णय लिया है। टेलीकॉम इंस्पेक्टर मिथिलेश गुप्ता ने बताया कि बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर यात्रियों के लिए कोच गाइडेंस लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। दो माह में यह काम पूरा करा दिया जाएगा।