- कायाकल्प के तहत हटाए जाने हैं रेलवे परिसर में स्थापित ट्रांसफार्मर
- विद्युत निगम के पास सामान न होने के चलते नहीं हो पा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित ट्रांसफार्मर हटाए जाने हैं। इस जगह का उपयोग रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में होना है। रेलवे ने विद्युत निगम को परिसर में स्थापित ट्रांसफार्मर व लाइन को विस्थापित करके जीआरपी बैरक के पीछे स्थापित करने का कार्य सौंपा है। लेकिन निगम के पास सीटी पीटी व ज्वाइंट किट न होने के कारण काम नहीं हो पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत योजना में रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होना है। इसकी तैयारियों चल रही हैं। परिसर में काम भी शुरू हो गया है। बिजली आपूर्ति के लिए स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में दो ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। यह ट्रांसफार्मर रेलवे के ही हैं। लेकिन, विद्युत निगम परिसर में करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) और पोटेंशियल ट्रांसफार्मर (पीटी) लगाकर बिजली आपूर्ति देने का काम करता है। अमृत भारत योजना में इस जगह का उपयोग अन्य कार्य के लिए किया जाना है। ऐसे में बिजली संसाधनों को हटाकर जीआरपी बैरक के पास स्थापित करना है। इसके लिए रेलवे ने विद्युत निगम को 6.62 लाख रुपये का भुगतान भी कर चुका है। लेकिन निगम के पास सीटी पीटी न होने के कारण काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
-
करंट व पोटेंशियल ट्रांसफार्मर व ज्वाइंट किट उपलब्ध हो गया है। मंगलवार से काम शुरू करा दिया जाएगा। दो दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा।
मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, नगरीय।