संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र बेरोजगारों को सिलाई मशीन ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिये रोजगार मुहैया करा रहा है। संस्थान निशुल्क प्रशिक्षण के अलावा शत प्रतिशत रोजगार भी उपलब्ध करा रहा है। प्रशिक्षित युवक व युवतियों की गुजरात और फरीदाबाद में मांग अधिक है। तीन सालों में संस्थान प्रशिक्षण देकर करीब 360 युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुका है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, सहायक इलेक्ट्रिशियन, फीटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर पाठ्यक्रमों में भी युवाओं का प्रशिक्षण दे रहा है।
संस्थान प्रबंधक जय शंकर मिश्रा बताते हैं कि महानगरों से सिलाई मशीन ऑपरेटर कार्यक्रम में प्रशिक्षित युवाओं की खूब मांग आ रही है। चालू वित्तीय वर्ष में 150 युवक युवतियों को रोजगार मिल चुका है। बताते हैं कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 दिन का होता है। हर बैच में महज 30 युवक व युवतियों को प्रशिक्षित किया जाता है। प्रतिदिन चार घंटे पाठ्यक्रम को पढ़ाने और चार घंटे का अभ्यास कराया जाता है। इससे संस्थान से निकलने वाले प्रशिक्षुओं में कार्यों के प्रति परिपक्वता आ जाती है। कंपनियां ऐसे युवाओं को प्राथमिकता पर रोजगार दे रही हैं।
15 से 18 हजार रुपये तक मिल रहा मानदेय
संस्थान प्रबंधक बताते हैं कि निजी कंपनियां प्रशिक्षित युवाओं को 15,000 से 18,000 हजार रुपये प्रति माह की मानदेय दे रही हैं। कंपनियां रहने व खाने तक की व्यवस्था दे रही हैं। फरीदाबाद में एक कंपनी में सिलाई मशीन ऑपरेटर का काम कर रहे कप्तानगंज के शिवम ने बताया कि 16,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय के अलावा कंपनी की ओर से रहने, खाने और परिवहन की सुविधा दी जा रही है।
-
वित्तीय वर्ष रोजगार प्राप्त युवा
2020-21 90
2021-22 120
2022-23 150