गायत्री मंदिर में हवन कराने गई महिला का खींच ले गईं चेन
15 मार्च को चेन खींचकर भागते समय पकड़ी गई थीं तीन महिलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में महिला टप्पेबाजों ने नाक में दम कर रखा है। अक्सर ऑटो में घूमकर वारदात करने वाली यह टप्पेबाज पूजा-पाठ, मंदिर या शादी समारोह में भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने से नहीं चूक रही हैं। मेले में भी महिलाओं का चेन-मंगलसूत्र खींचकर भाग जाना उनके बाएं हाथ का खेल है। कई बार पकड़े जाने के बावजूद घटनाएं नहीं रुकीं।
15 मार्च को दिन दहाड़े निजी विद्यालय की शिक्षिका का चेन खींचकर भागते समय तीन टप्पेबाजों को पुलिस ने पकड़ा था। तब लगा कि अब इस तरह की घटना नहीं होगी, लेकिन शनिवार को गायत्री मंदिर में पूजा करने गई महिला का मंगलसूत्र उड़ाकर फिर संकेत दे दिया है कि उनकी आमद शहर में बनी हुई है। गिरोह के कई बार पकड़े जाने के बावजूद पुलिस उन पर शिकंजा कस नहीं सकी।
15 मार्च को मनहनडीह निवासी मृदुला सिंह प्रशिक्षण कर ऑटो से दोपहर करीब 12 बजे लौट रही थीं। रास्ते में ऑटो में तीन टप्पेबाज महिलाएं बैठ गईं। कुछ दूर जाने पर उनमें से एक उल्टी करने का नाटक करने लगी। ऑटो में बैठी सवारियों का ध्यान उनकी तरफ गया, इसी दौरान शिक्षिका के गले से उनमें से एक महिला ने चेन खींच ली। ऑटो से उतरते ही उन्हें गले से चेन गायब होने का एहसास हुआ। फौरन इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
...
ऑटो में इस तरह करती हैं घटना
ऑटो में मैले-कुचैले कपड़े पहनकर दो-तीन महिलाएं शहर के ऑटो में चढ़ती हैं। संयोग से कोई महिला सवारी अकेली अगर ऑटो में बैठ गई तो वे महिलाएं उसे चारों तरफ से घेरा बना लेती हैं। कई बार उनके साथ बच्चे भी होते हैं। उन्हीं में से कोई महिला या बच्चा उल्टी होने या तबीयत खराब होने का नाटक करता है। ताकि ऑटो में बैठी अन्य सवारियों का ध्यान बंट जाए। इसी बीच वे गले में पहनी चेन या मंगलसूत्र चोरी कर कुछ दूर जाकर उतर जाती हैं।
...
मेलों या छठ घाटों पर भी करती हैं वारदात
भद्रेश्वरनाथ मंदिर में विभिन्न अवसरों पर लगने वाले मेले में जल चढ़ाते समय भीड़ में घुसकर महिला गिरोह की सदस्य चेन छीनकर भागने में महिर हैं। पिछली शिवरात्रि पर कई महिलाओं की चेन चोरी हुई थी। एक महिला रंगे हाथ पकड़ी गई थी। नगर बाजार दुर्गा मंदिर पर नवरात्र मेले के दौरान भी इस तरह की वारदात हुई थी। अमहट घाट पर छठ पूजा के दौरान भी ऐसी वारदात होती है।