अब मार्च 2024 में मिलेगी शुल्क प्रतिपूर्ति व छात्रवृत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दसवीं के बाद की पढ़ाई के लिए मिलने वाली छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए इस साल इंतजार करना पड़ सकता है। शासन के फैसले के कारण अगले माह अक्तूबर में मिलने वाली छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की उम्मीद टूट गई है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के नियमों के संशोधन और सॉफ्टवेयर अपडेट किए जाने के कारण फिलहाल इस साल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि मिलना मुश्किल दिख रहा है। इसके कारण लगभग 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ेगी।
विभाग के नए नियम के अनुसार अब छात्रों को नए साल में ही छात्रवृत्ति मिल सकेगी। इतना ही नहीं अगर विभाग ने समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो यह मुश्किल और भी बढ़ सकती है। नई व्यवस्था के तहत छात्रों से ऑनलाइन आवेदन लेने के लिए वेबसाइट खोल दी गई है। 10वीं से ऊपर के सामान्य वर्ग, ओबीसी, अनुसूचित जाति व अल्पसंख्यक विद्यार्थी 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्हें 15 मार्च तक भुगतान किया जाएगा। अब 19 दिसंबर तक शिक्षण संस्थानों को मास्टर डेटा तैयार करना है।
इसके बाद 25 सितंबर 2023 से 11 जनवरी 2024 तक हार्ड कॉपी का ऑनलाइन आवेदन से मिलान कर संस्थान इसे सत्यापित करेगा। इसके बाद 22 दिसंबर तक विश्वविद्यालय या संस्थान की ओर से छात्रों के फीस जमा करने का सत्यापन कर इसकी रिपोर्ट समाज कल्याण अधिकारी को भेजी जाएगी।
संस्थानों में नवीनीकरण न कराने वाले छात्रों को आठ जनवरी से 10 फरवरी तक भौतिक सत्यापन किया जाएगा। कोई गड़बड़ी मिलने पर संस्थान के खिलाफ कार्रवाई के साथ रिकवरी भी होगी। 12 जनवरी से 30 जनवरी तक एनआईसी से स्क्रूटनी होगी। उसके बाद 31 जनवरी से चार मार्च तक डेटा लॉक होगा। 15 मार्च को 2024 को छात्रवृत्ति की धनराशि संबंधित छात्रों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
-
विभाग की ओर से समय सारिणी जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तय समय में प्रक्रिया पूरी कर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि खातों में भेजी जाएगी।
-श्री प्रकाश पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी