दुबौलिया क्षेत्र के बरदियाकुंवर गांव मे सर्च अभियान मे जुटी वन विभागकी टीम
गांवों में लगातार लोग दे रहे पहरा,बारिश के कारण सर्च अभियान प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना चुका जंगली जानवर 36 घंटे से नहीं दिखा है। आखिरी बार बुधवार की रात को दिखा था। इसके बावजूद ग्रामीणों में भय बरकरार है।
जंगली जानवर के अब तक पकड़ में न आने की वजह से लोग सहमे हुए हैं। आशंका है कि कहीं अचानक फिर किसी झाड़ी से निकल कर हमला न कर दे। ऐसे में गांव के लोग लगातार पहरा दे रहे हैं। वन विभाग की टीम खोजबीन में जुटी हुई है। शुक्रवार को बारिश के कारण सर्च अभियान में बाधा आई। देर शाम को बारिश रुकने के बाद वन विभाग ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन टीम को जंगल जानवर नहीं मिला।
रानीपुर लाद, बर्दिया कुंवर, चपरा ,पटपरवा, अखनपुर आदि गांव में लोग झुंड बनाकर निकल रहे हैं। जानवर का खौफ अभी भी कम नहीं हुआ है। आसपास गांव के स्कूल के बच्चे भी झुंड में आ जा रहे हैं। सर्च अभियान का नेतृत्व कर रहे वन दरोगा अभिषेक यादव ने बताया कि पिछले 36 घंटे से इन गांवों में जंगली जानवर की आमद नहीं सुनाई पड़ी है। तलाशी अभियान जारी है।