फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: 250 करोड़ से बढ़गी बस्ती-डुमरियागंज मार्ग की चौड़ाई

Thu, 18 Jul 2024 02:25 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
- बस्ती में 34 और सिद्धार्थनगर जिले में 15 किमी तक बनेगी सड़क, खर्च होंगे ढाई सौ करोड़
विज्ञापन

- पीलीभीत-बहराइच मार्ग के हिस्से की सड़क 12 मीटर चौड़ी होगी, शासन में पहुंची फाइल, सर्वे कार्य पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नेशनल हाईवे-28 से जुड़े बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर अब आवागमन और आसान हो जाएगा। पीलीभीत-बहराइच मार्ग के हिस्से की सड़क चौड़ी होने जा रही है। यहां वाहनों को फर्राटा भरने के लिए सात मीटर की जगह 12 मीटर चौड़ी सड़क मिलेगी। बस्ती सीमा में 34 किलोमीटर और सिद्धार्थनगर जनपद सीमा में इस सड़क की लंबाई 15 किलोमीटर है। इसके निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। कार्ययोजना तैयार कर शासन में फाइल प्रस्तुत हो चुकी है।
जनपद मुख्यालय के चारों तरफ हाईवे का जाल बिछ रहा है। लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन और लुंबिनी-दुद्धी व रामजानकी मार्ग टू-लेन सड़क जहां पहले से बन चुकी है, वहीं तीसरी नई सड़क परियोजना पीलीभीत-बहराइच मार्ग भी धरातल पर उतरने जा रही है। यह उतरौला, बेवा, भानपुर होते हुए मनौरी के निकट स्थित एनएच-28 से जोड़ा जाएगा।
विज्ञापन


अभी तक इस मार्ग से डुमरियागंज, बलरामपुर, बहराइच, पीलीभीत तक का सफर सात मीटर चौड़ी सड़क पर हो रहा है। आवागमन के लिहाज से यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। पूर्वांचल को उत्तरांचल से जोड़ने वाला यह मार्ग हाईवे की शक्ल लेने जा रहा है। टू लेन विद पेव्ड शोल्डर की तरह यह सड़क भी उच्चीकृत की जाएंगी।

गौरतल है कि बस्ती में मनौरी से रामनगर तक कुल 34 किलोमीटर लंबाई में इस सड़क का हिस्सा है। इससे आगे उतरौला सीमा तक 15 किलोमीटर की लंबाई में यह सड़क सिद्धार्थनगर जिले का हिस्सा है। दोनों जनपद में मिलाकर सड़क की कुल लंबाई 49 किलोमीटर है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के अधीन इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

बस्ती जिले में 34 किलोमीटर लंबाई तक इस सड़क के उच्चीकरण पर 150 करोड़ रुपये का बजट तैयार हुआ है, जबकि सिद्धार्थनगर में 15 किलोमीटर तक सड़क निर्माण पर 100 करोड़ रुपये का आगणन तैयार किया गया है। आगणन के साथ सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। सब कुछ ठीक रहा तो प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।

संकरी सड़क पर आवागमन असुरक्षित
हाट मिक्स प्लांट से तैयार की गई बस्ती से डुमरियागंज तक की यह सड़क आवागमन के लिहाज से संकरी महसूस की जा रही है। यह सड़क बेवा से होकर बलरामपुर जिले को जोड़ती है तो दूसरी तरफ नेपाल बाॅर्डर बढ़नी मार्ग से भी सीधे जुड़ती है। ऐसे में इस मार्ग पर आवागमन अधिक रहता है। टू लेन हाईवे बन जाने से यात्रा आसान हो जाएगी। लंबी दूरी तय करने वाले वाहन फर्राटा भरेंगे।

इन कस्बों में खत्म होगी जाम की समस्या
बस्ती से बेवा के बीच सल्टौआ ब्लॉक मुख्यालय पर सड़क के दोनों तरफ घनी आबादी और बाजार होने के कारण आवागमन प्रभावित होता है। जैसे ही स्थानीय नागरिक सड़क पर निकलते हैं तो यहां मुख्य सड़क पर चलने वाले वाहनों की गति थम जाती है। तहसील मुख्यालय भानपुर और सोनहा में तो अधिक भीड़ होने के चलते जाम की स्थिति बनती है। इसके आगे दुबौली बाजार में भी जाम लगता है। सड़क की चौड़ाई 12 मीटर हो जाने से इन कस्बों की रौनक जहां बढ़ जाएगी, वहीं जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

चार हाईवे से जुड़ जाएगा बस्ती जिला
पूर्वांचल के मध्य में स्थित बस्ती जनपद अब चार हाईवेे से जुड़ जाएगा। रामजानकी मार्ग टू लेन हाईवे के जरिए सीतामढ़ी (बिहार) तक का आवागमन बहाल है। वहीं लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर नेपाल से वाराणसी तक का आवागमन इस जिले से आसान हो गया है। यह दोनोें हाईवेे एक दशक के भीतर मिले हैं, जबकि लखनऊ- गोरखपुर फोरलेन सड़क डेढ़ दशक पहले मिल चुकी है। तीन तरफ से हाईवे होने के कारण जिले में चौतरफा आवागमन हो रहा है। चौतरफा हाईवे का संजाल होने से व्यापारिक और औद्योगिक दृष्टिकोण से जिले के तरक्की की संभावना बढ़ जाएगी।
विज्ञापन


शासन के निर्देश पर जिले में स्थित पीलीभीत-बहराइच मार्ग के हिस्से की सड़क को 12 मीटर चौड़ा बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। प्रस्ताव शासन में प्रेषित भी है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- इं. अवधेश प्रसाद, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें