बस्ती। बीच रूट में बस खराब होने पर परिवहन निगम मुख्यालय ने बस्ती डिपो के वर्कशॉप प्रभारी व जूनियर फोरमैन को निलंबित कर दिया है। इससे रोडवेज कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती डिपो की बस 23 जून को दिल्ली रूट पर जा रही थी। सीतापुर में बस की स्टीयरिंग फेल हो गई। सभी यात्रियों और चालक-परिचालक ने मिलकर तमाम प्रयास किए लेकिन स्टीयरिंग ठीक नहीं की जा सकी। किसी यात्री ने घटना की जानकारी परिवहन निगम मुख्यालय को दे दी। परिवहन निगम मुख्यालय के प्राविधिक विभाग के प्रधान प्रबंधक आरएन वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डिपो के कार्यशाला प्रभारी व जूनियर फोरमैन सुधीर कुमार श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और वर्कशॉप का प्रभार जूनियर फोरमैन राम बरीका को सौंप दिया है। कार्रवाई से बुधवार को डिपों में हड़कंप मचा रहा। डिपो के एआरएम आयुष भटनागर ने पुष्टि करते हुए बताया कि बसों के फिटनेस को लेकर कार्यशाला के सभी कर्मचारियों व जूनियर फोरमैन काे सचेत कर दिया गया है। अगर बीच रास्ते में बस धोखा देती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।