फोरलेन पर कटरा बाइपास पर लगा लंबा जाम
बस्ती। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा के लिए किया गया डावर्जन खत्म होते ही फोरलेन पर एक साथ कई रूट के वाहन निकल पड़े। जिससे जगह-जगह लंबा जाम लग गया। शहर से सटे कटरा बाइपास पर काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे। वहां से होकर काफी संख्या में लोग गनेशपुर,पैकोलिया और बभनान, परशुरामपुर की तरफ जाते हैं। इसलिए भारी वाहनों के आवागमन के बीच वे भी फंसे रहे। इसके अलावा फुटहिया, कप्तानगंज, महराजगंज, चौकड़ी टोल पर भी वाहनों का लंबा तांता लगा रहा। अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा को लेकर शनिवार को दोपहर से फोरलेन पर वाहनों का डायवर्जन किया गया था। शुरू में ट्रक व अन्य कामर्शियल वाहनों को डायवर्ट किया गया। नगर थाने के फुटहिया फ्लाई ओवर से बस्ती से अयोध्या लेन पर पुलिस कर्मियों ने बैरिकेडिंग कर दिया था। कार, बस, एम्बुलेंस को छोड़कर सभी वाहनों को कलवारी से आंबेडकरनगर की तरफ मोड़ दिया जा रहा था। संवाद