बस्ती। पुलिस लाइंस सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी की गई, जिसमें एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने जनपद में सुदृढ़ कानून व्यवस्था व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने, त्योहारों के दृष्टिगत की जा रही कार्रवाइयों की समीक्षा की। एसपी ने स्थान बदल-बदल कर वाहनों की चेकिंग का निर्देश दिया।
ऑपरेशन दृष्टि, ऑपरेशन ब्रम्हास्त्र, कन्विक्शन, शिकंजा के अंतर्गत की गयी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पब्लिक अप्रूवल रेटिंग में टॉप 5 में आने वाले थाना प्रभारी की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया। बाॅटम -5 में आने वाले थाना प्रभारी को अपने रैंक में सुधार करने हेतु निर्देशित किया गया। गोष्ठी में वर्ष 2023 में प्रस्तावित एनएसए, गैंगस्टर, गैंग पंजीकरण व जब्तीकरण के लिए चिन्हित प्रकरणों की समीक्षा की गयी। साथ ही धारा 82/83 सीआरपीसी के बाद फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
पुरस्कार घोषित अपराधियों की अब तक गिरफ्तारी न होने के कारण की जानकारी कर यथाशीघ्र गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया। छह माह के लंबित विवेचनाओं से संबंधित समीक्षा, निरोधात्मक कार्रवाई करने व जनपद में घटित घटनाओं का यथा शीघ्र खुलासा करने के लिए निर्देशित किया गया। आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा, गैंगस्टर व हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की जाए। एसपी ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के संबंध में व्यापारियों के साथ गोष्ठी कर सभी प्रतिष्ठान पर सीसीटीवी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भी सीसीटीवी लगवाए जाएं। एन्टी रोमियो टीम विद्यालय, कोचिंग संस्थान आदि में नियमित रूप से प्रभावी चेकिंग करें। महिला बीट पुलिस के संबंध में चलाए जा रहे अभियान में कृत कार्रवाई की समीक्षा की गई।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, समस्त शाखा प्रभारी, निरीक्षक आबकारी आदि मौजूद रहे।