जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड फुल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इन दिनों बच्चों में डायरिया रोग काफी फैल रहा है। उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में वृद्धि होने से जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी की व्यवस्था बिगड़ गई है। वार्ड में मरीजों के लिए आसानी से बेड नहीं मिल रहा है। उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में डायरिया के 50 से अधिक रोगी भर्ती हैं। वहीं चिल्ड्रेन वार्ड में भी डायरिया के साथ हाईग्रेड फीवर के रोगी भरे पड़े हैं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि मौसम के कारण डायरिया के रोगी बढ़े हैं। 30 बेड के मेडिकल वार्ड में अधिकतर रोगी डायरिया के हैं।
डायरिया पीड़ित बच्चों को चिल्ड्रेन वार्ड में रखा गया है। यह वार्ड भी फुल है। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी के कारण पाचन क्षमता कमजोर हो जाती है। जैसे ही कोई व्यक्ति गलत खाद्य पदार्थ का सेवन कर रहा, वह डायरिया की चपेट में आ जा रहा है। हल्का भोजन करें, पानी खूब पीएं।