-वोटिंग टर्न आउट रिपोर्ट एप पर देनी होगी हर दो घंटे की अपडेट
-प्रत्येक बूथ पर हाईस्पीड इंटरनेट नेटवर्क होना जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लोकसभा चुनाव में इस बार पीठासीन अधिकारी वोटिंग टर्न आउट रिपोर्ट (वीटीआर) एप पर बूथ की हर दो घंटे की स्थिति अपडेट करेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर हाईस्पीड इंटरनेट नेटवर्क होना जरूरी है। ग्रामीण इलाके के मतदान केंद्रों पर इंटरनेट का नेटवर्क न होने से मतदान के दिन दिक्कत आएगी। पहले वायरलेस के सहारे सूचनाएं ली जाती थीं। इस बार एप चलाने में नेटवर्क की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए दूरसंचार विभाग की ओर से कवायद शुरू हो गई है।
एसडीओ बीएसएनएल से सभी नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडरों की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय ने मांगी है। मतदान केंद्रों पर नेटवर्क की समस्या रहती है। लोकसभा चुनाव में मतदान केंद्रों से ब्योरा जुटाने में नेटवर्क बाधा बनती है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हर्रैया के दो मतदान केंद्रों पर कोई भी नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता है। ऐसे में मतदान के दिन इन मतदान स्थलों से गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने में प्रशासन को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि प्रशासन ने ऐसे मतदान केंद्रों पर हाईस्पीड डाटा नेटवर्क की व्यवस्था करने की जुगत शुरू कर दी है।
मतदान केंद्रों को चिह्नित कर भेजी रिपोर्ट
लोकसभा चुनाव 2024 में कम्युनिकेशन शैडो एरिया के संबंध में पूछे जाने पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष चन्द्र सिंह ने बताया कि फिलहाल जिले में शैडो एरिया नहीं है फिर भी मतदान के दिन सभी पोलिंग बूथो पर इंटरनेट सेवा बनाए रखने के लिए दूर संचार विभाग के अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से पत्र लिखा जा चुका है। सभी नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडरों की सूची तलब की गई है। उनके साथ मीटिंग करके चुनाव के दिन हाईस्पीड नेटवर्क की व्यवस्था की जाएगी। बीएसएनएल के डीजीएम नईम अंसारी ने कहा अभी उन्हें जिला निर्वाचन विभाग की ओर निर्देश अभी नहीं प्राप्त हुए हैं।