बनकटी। चोरी के जिन आरोपियों को बानपुर के ग्रामीणों ने नाव पर बैठकर भागते समय पकड़कर सौंपा था, पुलिस उन्हें दूसरे दिन देईसाड़ मोड़ पर दौड़ाकर पकड़ने का दावा कर रही है। पूछने पर एसएचओ इधर-उधर की बातें करने लगे।
सोमवार/मंगलवार रात लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर में चोरों ने तीन घरों में चोरी की। वहां के मकसूद अहमद के बरामदे में रखा मोबाइल फोन चोरी हुआ। मुबारक शेख के घर में घुसकर पैंट में रखे एक हजार रुपये, चांदी की पायल चुराकर आरोपी महेश्वरी का दरवाजा तोड़ने लगे तो लोग जाग गए। इसके बाद चोर भागकर कृष्ण शुक्ला के घर में चोरी का प्रयास करने लगे। मगर ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। भागकर चोर गांव के निकट कुआनो नदी पर पहुंचे और नाव में बैठ कर भागने का प्रयास करने लगे। तभी पीछा करते पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। उसके बाद उनकी पहचान बानपुर गांव के ही विजय व राम मंतोष के रूप में पहचान हुई। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस की तरफ से विज्ञप्ति जारी की गई। जिसमें बताया गया कि वांछित विजय चौहान और मंतोष निषाद को 21 जून (बुधवार) शाम 17.30 बजे (साढ़े पांच बजे) बानपुर देईसाड़ रोड पर घुघसा मोड़ तिराहे से गिरफ्तार किया गया। पूछने पर प्रभारी निरीक्षक ब्रिजेंद्र पटेल ने बताया कि उस दिन एफआईआर दर्ज करके दोनों को वांछित दिखाया गया था। बुधवार को गिरफ्तारी दिखाकर चोरी किए गए रुपये और पायल बरामद किया गया है।