चार संदिग्धों को ग्रामीणों ने चोर समझकर दौड़ाया
छावनी थाना क्षेत्र के चरथी भट्ट व पतिहिया गांव का मामला
छावनी(बस्ती)। थाना क्षेत्र के चरथी व पतिहिया गांव में शुक्रवार रात पहुंचे चार संदिग्ध युवकों को चोर समझकर ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। चोरों में से कोई भी हाथ नहीं लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांवों में गश्त की।
थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। पहले से चौकन्ना चरथी भट्ट व पहितिया गांव के पूरे नदई पुरवा में लोगों ने शुक्रवार रात में चार संदिग्ध युवकों को टहलते देखा। ग्राम प्रधान लल्लू चौधरी ने बताया कि चरथी भट्ट गांव के कामता चौधरी के घर के पास रात करीब 11:45 बजे चार संदिग्ध युवक देखे गए। ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ लिया। काफी देर तक उनकी तलाश की गई, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इसके बाद गांव के अशोक कुमार, पिंटू, जमुना प्रसाद, परमेश्वरदीन, सूर्यलाल जायसवाल, दिनेश आदि ने बताया कि उन लोगों ने जाग कर पूरी रात पहरेदारी की।
प्रभारी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र के सभी गांवों में बीपीओ अधिकारी, चौकीदारों व ग्राम सुरक्षा समितियों को अलर्ट किया गया है। पुलिस टीम को रात में गांव में संदिग्धों को खदेड़े जाने की सूचना मिलने पर गांव में पुलिस टीम गश्त करने गई थी।