ऑयल मिल में कर रहे थे हाथ साफ, पुलिस ने कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। हरदिया गांव के एक ऑयल मिल में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का प्रयास करते हुए दो लोग ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए थे। चोरों की धुनाई करने के बाद लोगों ने पुलिस के सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, हरदिया गांव निवासी कांग्रेस नेता राकेश मणि त्रिपाठी की ऑयल मिल गांव में सड़क के किनारे है। 20/21 जुलाई की रात मिल पर काम करने वाला मजदूर सरसों की पेराई कर तेल ड्रमों में भरकर रखने के बाद घर चले गए। रात में चोर मिल के अंदर घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर ड्रमों में रखा तेल, पुरानी बैटरी व गल्ले में रखा करीब नौ हजार रुपये चुरा ले गए।
सुबह राकेश मणि किसी कार्य से कस्बे में अपने वाहन से आए। लौटकर जब मिल पर रुके तो घटना की जानकारी हुई। मिल कर्मी को बुलाकर घटना के बारे में बताया। सूचना पुलिस को दी गई, मगर वह शाम तक घटना स्थल पर नहीं पहुंची। रविवार शाम को करीब 4:30 बजे राकेश जब घर से मिल की तरफ गए तो एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिल के आसपास मंडराता दिखा। उससे पूछताछ की तो वह उलझ गया। जब उसको लेकर मिल के अंदर पहुंचे तो उसका एक साथी साइकिल पर दो बोरी सरसों लादकर छिपा कर बैठा था।
दोनों ने कड़ाई से पूछने पर चोरी की घटना कबूल की। इसके बाद फिर से सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक राम दरस यादव दोनों को पकड़ कर थाने लाए।आरोपियों की पहचान कप्तानगंज क्षेत्र के भरू गांव निवासी राम जगन व स्थानीय थाना के सकरदहा गांव निवासी कन्हैया के रूप में हुई।
राम जगन के विरुद्ध कप्तानगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट का केस पहले से दर्ज है। वह कुछ दिनों पहले जेल से जमानत पर बाहर आया है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। पकड़े गए चोरों ने महराजगंज कस्बे के एक व्यक्ति का नाम लिया है जो इनके गिरोह का सरगना है।