संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नरायनपुर ग्राम पंचायत के सिसवारी कुंवर ढरियवा गांव में साधु के भेस में भीख मांग रहे तीन लोगों को ग्रामीणों ने शक के आधार पर पकड़ लिया।
उनकी तलाशी लेने पर संदिग्ध कागजात मिले तो पुलिस को इसकी सूचना दी। थोड़ी ही देर में लोगों में शोर मच गया कि यह संदिग्ध लोग थाईलैंड से आए हैं और दूसरे समुदाय के हैं।
देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को पकड़कर थाने पर ले आई। पुलिस की पूछताछ मे तीनों ने बताया कि वे लोग गांव-गांव भीख मांगकर अपना व परिवार का गुजर-बसर करते हैं।
थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में एक ने अपने को 59 वर्षीय फूल मोहम्मद निवासी जगतमाफी एकौना जनपद देवरिया, 58 वर्षीय मोहम्मद हदीश निवासी सेमरी थाना गोला बाजार जनपद गोरखपुर व ललकू निवासी महेशपुर निवासी गोला बाजार जनपद गोरखपुर बताया। पुलिस ने तीनों को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।