संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। थाने के हनुमानगंज चौकी क्षेत्र के मूड़ाडीह गांव में बिहार के एक राजमिस्त्री को ग्रामीणों ने चोर कर समझ कर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजमिस्त्री को कब्जे में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसकी असल पहचान का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, बिहार के मसरक निवासी 60 वर्षीय विशुन देव यादव हनुमानगंज बाजार में सलाउद्दीन के यहां चहारदीवारी का निर्माण करने आए थे। सोमवार को वह दोपहर करीब चार बजे सलाउद्दीन के घर से निकलकर दानोंकुइयां की तरफ जाना चाह रहे थे। लेकिन, सही दिशा का ज्ञान न होने के कारण कूडी गांव की तरफ चले गए।
दिशाभ्रम होने के कारण जब कुछ ग्रामीणों से दानोकुइयां जाने का रास्ता पूछा तो ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और शोर मचाकर अन्य लोगों को इकट्ठा करके उनकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची हनुमानगंज चौकी पुलिस उन्हें भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले आई। चौकी इंचार्ज राम अशोक यादव ने सलाउद्दीन को बुलाकर उनकी पहचान कराई तथा मामला स्पष्ट होने के बाद ग्रामीणों को चेतावनी देकर घर भेज दिया।