- मखौड़ा धाम, राज भवन समेत ऐतिहासिक स्थलों का तैयार होगा एचडी वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जनपद के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के जरिये किया जाएगा। इसकी योजना तैयार कर ली गई है। ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों की एचडी वीडियो तैयार कराई जाएगी। इसे यू- ट्यूब चैनल, जनपद की वेबसाइट, फेसबुक प्रदर्शित किया जाएगा।
डीएम अंद्रा वामसी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में यह नई योजना तैयार की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि पहले मखौड़ा धाम पर केंद्रित थ्री- डी वीडियो तैयार किया जाए। इसके अलावा बस्ती की ऐतिहासिक इमारतें, राज भवन, हवेली तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित एचडी वीडियो तैयार कराई जाए। कहा कि शासन के निर्देश पर मखौड़ा धाम को पर्यटन विभाग की ओर से चिह्नित रामायण सर्किट में शामिल किया गया है। इसके अलावा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े स्थल रामरेखा एवं हनुमानबाग चकोही भी शामिल किया गया है। 29 नवंबर मुख्यमंत्री ने जिले के इन स्थलों को रामायण सर्किट से जोड़ते हुए श्रीराम अवतरण कॉरिडोर निर्माण की घोषणा भी कर दी है। ग्रामीण पर्यटन योजना के तहत शिवपुरी भदौनी तथा अहरा, मुंडेरवा का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि पर्यटन राजदूत बनाने के उद्देश्य से कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं का युवा पर्यटन क्लब गठित किया गया है। इनके माध्यम से भी जनपद के सांस्कृतिक, पौराणिक, नैसर्गिक धरोहरों का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। छात्र-छात्राओं को 27 सितंबर को इको टूरिज्म के अंतर्गत चंदो ताल का भ्रमण कराया गया है। मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के तहत विधायक हर्रैया एवं विधायक कप्तानगंज द्वारा जनपद के 6 पर्यटन स्थल हर्रैया ब्लॉक के लजघटा में समय माता मंदिर व मनोरमा नदी पर घाट के अवशेष भाग का कार्य, रानीगॉव मंदिर परिसर में घाट पर पत्थर एवं अवशेष कार्य तथा कथा मंडप का कार्य, महादेवा मंदिर परिसर के धर्मशाला में इंटरलॉकिंग एवं सौंदर्यीकरण, अमोलीपुर मंदिर की चहारदीवारी, तालाब का सौंदर्यीकरण, लजघटा में हनुमान मंदिर पर घाट आदि निर्माण कार्य कराए जाने हैं। पर्यटन अधिकारी विकास नारायण ने बताया कि जिले में पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित होगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि जगदीश शुक्ला, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, गुलाबचंद सोनकर, फूलचंद श्रीवास्तव, शैलेंद्र दुबे, अनमोल सिंह आदि मौजूद रहे।