स्कूल प्रबंधक 27 को पॉलीटेक्निक में पहुंचाएंगे वाहन
बस्ती। विधानसभा सामान्य निर्वाचन में सभी स्कूल प्रबंधकों व निजी बस संचालक 27 फरवरी को दोपहर तक अपना वाहन राजकीय पालीटेक्निक में उपलब्ध करा दें। इसके लिए उन्हें नोटिस दे दिया गया है। सभी प्रबंधक व निजी बस संचालक 26 फरवरी सुबह दस बजे तक वाहनों की सूची व चालकों का विवरण डीएसओ कार्यालय में पहुंच कर वाहनों का लॉग बुक प्राप्त कर लें। यह निर्देश संभागीय परिवहन अधिकारी रविकांत शुक्ल ने दी है। बताया कि जिन वाहन स्वामियों ने चुनाव हेतु अधिग्रहित किए गए वाहनों को नियत तिथि व समय पर उपलब्ध नही कराया, तो उनके विरुद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।