हाईटेक नर्सरी में तैयार हो रहे सब्जियों के पौधे
- सितंबर के आखिरी हफ्ते से बागवानों को बांटे जाएंगे
- मनपसंद प्रजाति के बीज से तैयार करा सकते हैं पौधे
- 10 लाख पौधे वितरित करने का है लक्ष्य
बस्ती। इंडो इस्रायल परियोजना के तहत बंजरिया में स्थापित फल उत्कृष्टता केंद्र इस बार बागवानों को संकर किस्म की अगेती सब्जियों की पौध उपलब्ध कराने की तैयारी कर चुका है। हाइटेक नर्सरी में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। सितंबर के आखिरी हफ्ते से अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक पहले चरण में बागवानों को पौध वितरित की जानी प्रस्तावित है।
फल उत्कृष्टता केंद्र बागवानी करने वालों को उन्नतशील किस्म के फल तथा सब्जियों के पौधे उपलब्ध करा रहा है। केंद्र पर करीब दो दर्जन प्रजाति के आम के पौधे तैयार किए जाते हैं, जो बिहार व मध्य प्रदेश राज्य तक भेजे जाते हैं। इस्रायल तकनीक से तैयार फल तथा सब्जियों की पौध निरोगी होती है। हाइटेक नर्सरी में इस बार संकर किस्म के टमाटर, बैगन, बंद गोभी, फूलगोभी, शिमला मिर्च, ब्रोकली व सामान्य मिर्च की पौध तैयार की जा रही है। बीते साल की तुलना में इस बार नर्सरी से करीब 20 दिन पहले पौधों का उत्पाद शुरू हो रहा है।
---------------------
मनपसंद प्रजाति के बीज से तैयार करा सकते हैं पौधे
फल उत्कृष्टता केंद्र पर बागवान मनपसंद प्रजाति का बीज देकर पौध तैयार कर सकते हैं। प्रभारी अधिकारी अनीश श्रीवास्तव बताते हैं कि केंद्र पर भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के बीज से पौध तैयार की जाती है। यदि कोई किसान अपनी पसंद प्रजाति के सब्जियों की पौध तैयार करना चाहता है तो केंद्र पर बीज, आधार कार्ड व खतौनी की छायाप्रति जमा करा सकता है। एक रुपये की दर से पौधे तैयार किए जाते हैं।
----------------------
10 लाख पौधे वितरित करने का है लक्ष्य
नर्सरी से इस बार करीब 10 लाख पौधे तैयार कर वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। बीते साल बागवानों को करीब पांच लाख पौधे वितरित किए गए थे। संयुक्त उद्यान निदेशक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि संकर प्रजाति की सब्जियों की पौध सितंबर के आखिरी हफ्ते से वितरित की जाएगी। बागवान खेत तैयार कर लें। अगेती पौध लगाकर बढ़िया लाभ प्राप्त कर सके हैं।